ईश्वर के किसी भी रूप का तिरस्कार, धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने के लिए कहे गए कटुवचन तथा धार्मिक स्थानों का अपमान करना ईशनिंदा कहलाता है। ईशनिंदा का अर्थ होता है ईश्वर की निंदा, ईश्वर की आलोचना या ईश्वर का अपमान (इंग्लिश: ब्लासफेमी)। शब्दों कार्यों या दृश्यों द्वारा किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाना ईशनिंदा कानून के अंतर्गत दंडनीय अपराध कहलाता है। बहुत से देशों में ईशनिंदा पर कड़े कानून हैं कुछ देशों में ईशनिंदा का दोषी पाए जाने पर मृत्यु दंड का प्रावधान है। ईशनिंदा कानून बड़े व छोटे दोनों प्रकार के धार्मिक दलों के लिए एक बराबर माना जाता है। धर्म के अनुसार ईशनिंदा एक पाप है तथा कानून के अनुसार ईशनिंदा एक अपराध है जिसके लिए दंड निश्चित है। किसी धर्म की सीमाओं का उल्लंघन जैसे कि धार्मिक स्थान की पवित्रता का ध्यान न रखना इत्यादि ईशनिंदा के ही रूप माने जाते हैं।