सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

संदेश

दिसंबर 25, 2017 की पोस्ट दिखाई जा रही हैं

Udti khabar meaning in hindi | उड़ती खबर का अर्थ

कोई ऐसी जानकारी जिसकी वास्तविकता पर संदेह हो या जो पूरी तरह से झूठ हो को उड़ती खबर कहा जाता है। उड़ती खबर मुहावरे का मतलब होता है अफवाह। अफवाह एक ऐसी मिश्रित जानकारी होती है जो एक कोरा झूठ या कभी-कभी न्यूनतम सच के साथ लोगों में फैल जाती है। अफवाह गलती से या जानबूझकर फैलाया गया झूठ होता है जिसका कोई आधार नही होता तथा अधिकतर उड़ती खबरें शरारती सामाजिक तत्वों की देन होती है। उड़ती खबरों अर्थात अफवाहों का प्रयोग तत्कालीन राजनीतिक फायदों या निजी स्वार्थ के लिए किया जाता है। परन्तु कभी कभी इन्हें माहौल बिगाड़ने या शरारत करने मात्र के लिए फैलाया जाता है। हालांकि कुछ मामलों में अफवाहों में सत्यता का कुछ प्रतिशत होता है किन्तु लोगों द्वारा स्वयं ही बात बढा-चढा कर कहने की वजह से सत्यता का यह प्रतिशत घटता जाता है और अफवाह एक कोरे झूठ में तब्दील हो जाती है। उड़ती खबर मुहावरे का वाक्य में प्रयोग निम्न है। उदाहरण: 1). अभिनेताओं से सबंधित उड़ती खबरों का आना आम बात है। 2). इस बारे में उड़ती खबरें हमने भी सुनी हैं।

Eid ka chand hona meaning in hindi | ईद का चाँद होना का अर्थ

बहुत दिनों बाद नज़र आना; जब कोई व्यक्ति लंबे समय के बाद मिलता है तो उस पर तंज कसने के लिए उसे ईद का चाँद कह कर पुकारा जाता है। ईद का चाँद होना मुहावरे का मतलब होता है मुश्किल से दिखाई देना। ईद के चाँद से यह तुलना इसलिए कि जाती है क्योंकि ईद का चाँद भी एक लंबे समय अंतराल के बाद नज़र आता है इसलिए लंबे समय अंतराल के बाद दिखाई देने वाले व्यक्ति को ईद के चाँद कह कर संबोधित करने का चलन हुआ है। ईद का चाँद होना मुहावरे का वाक्य में प्रयोग निम्न है। उदाहरण: 1). मोहन तो शादी करने के बाद ईद का चाँद हो गया दिखाई ही नही देता। 2). तुम्हे कितने दिनों से मिलने की कोशिश कर रहा था तुम ही कि दिखाई ही नही देते बिल्कुल ईद का चाँद हो गए हो। 3. जब से रमेश की शहर में नौकरी लगी है वो तो ईद का चाँद ही हो गया है।

Int ka jawab patthar se dena meaning in hindi | ईंट का जवाब पत्थर से देना का अर्थ

जब किसी दुष्ट व्यक्ति का उसी के तौर तरीके अपनाकर अधिक दुष्टता के साथ जवाब दिया जाता है तब इसे ईंट का जवाब पत्थर से देना मुहावरे द्वारा बयान किया जाता है। ईंट का जवाब पत्थर से देना मुहावरे का अर्थ होता है दुष्ट के साथ दुष्टता का व्यवहार करना। दुष्ट वो होता है जो बुरे कार्य करने के लिए जाना जाता हो तथा अपने स्वार्थ के लिए किसी का भी अहित करने में तनिक भी संकोच न करे। यदि ऐसा कोई व्यक्ति हमें नुकसान पहुँचाता है तथा हम उसी की तरह अधिक दुष्टता दिखा कर उसका हमारे हुए नुकसान से भी कहीं अधिक नुकसान कर देते हैं तब यह ईंट का जवाब पत्थर से देना कहलाता है। ईंट का जवाब पत्थर से देना मुहावरे का वाक्य में प्रयोग निम्न है। उदाहरण: 1). उसने हमारी नौकरी छुड़वा दी हम भी चुप नही बैठेंगे ईंट का जवाब पत्थर से देंगे। 2). वीर शिवाजी ईंट का जवाब पत्थर से देने में माहिर थे।

Int se Int bajana meaning in hindi | ईंट से ईंट बजाना का अर्थ

भयंकर नुकसान करना अर्थात नस्तोनाबूद कर देने की क्रिया को ईंट से ईंट बजाना मुहावरे से बयान किया जाता है। ईंट से ईंट बजाना मुहावरे का अर्थ होता है बर्बाद करना। बर्बादी वह स्थिति होती है जो युद्ध इत्यादि के कारण हारने वाले पक्ष को झेलनी पड़ती है। यह एक बडी तबाही होती है जिसे उभर पाना मुश्किल या कभी कभी नामुमकिन होता है। इस प्रकार की हिंसक तबाही को बर्बादी कहा जाता है। जब किसी को बर्बाद करने की बात की जाती है तो ईंट से ईंट बजाना मुहावरे का प्रयोग किया जाता है। ईंट से ईंट बजाना मुहावरे का वाक्य में प्रयोग निम्न है। उदाहरण: 1). बंदा सिंह बहादुर ने वजीर खान के साम्राज्य की ईंट से ईंट बजा दी थी। 2). कोई भी हमारे देश को आँख दिखाएगा हम उसकी ईंट से ईंट बजा देंगे।

Idhar ki udhar karna meaning in hindi | इधर की उधर करना का अर्थ

किसी से कोई बात सुनकर दूसरे को बढ़ा चढ़ा कर बताने की क्रिया को इधर की उधर करना मुहावरे से बयान किया जाता है। इधर को उधर करना मुहावरे का मतलब होता है चुगली करना। चुगली एक नकारात्मक शब्द है किसी की चुगली करने का अर्थ होता है उसकी बातें सुनकर व उनमें सच-झूठ मिलाकर किसी अन्य को बताना। जिससे उस व्यक्ति विशेष की गलत स्मृति बने। चुगली का उद्देश्य किसी को नीचा दिखाना या दो लोगों में अनबन करवाकर स्थिति का लाभ उठाना होता है। इधर की उधर करना मुहावरे का वाक्य में प्रयोग निम्न है। उदाहरण: 1) तुम श्याम को कुछ मत बताना उसकी इधर की उधर करने की पुरानी आदत है। 2). इधर की उधर करने की तुम्हारी इस बुरी आदत ने उन दोनों के मन में एक दूसरे के प्रति द्वेष की भावना पैदा कर दी है।

इन शब्दों के अर्थ भी जानें :