बायोपिक से पहले हमें बियोग्राफी को समझना होगा। किसी प्रसिद्ध व्यक्ति के जीवन का लिखित ब्यौरा जिसमें उसके द्वारा किए गए महत्वपूर्ण कार्य, शिक्षा, प्रारंभिक जीवन इत्यादि के बारे में पूरी जानकारी दी गई हो; को बायोग्राफी कहा जाता है। अब यदि इसी लिखित बायोग्राफी को चलचित्र के रूप में दिखाया जाए तो इसे बायोपिक कहा जाएगा। इस प्रकार बायोपिक किसी प्रसिद्ध व्यक्ति के जीवन पर आधारित फिल्म को कहा जाता है। बायोपिक में उस प्रसिद्ध व्यक्ति तथा उसके आस-पास के माहौल को पर्दे पर दर्शाया जाता है तथा उसके जीवन में घटी महत्वपूर्ण घटनाओं का चित्रण किया जाता है। फिल्मी जगत में बायोपिक बनाना एक सफल प्रयोग माना जाता है इसलिए बहुत से प्रसिद्ध व्यक्तियों की बायोपिक बनाई जा चुकी हैं इनमें मुखयतः राजनीतिक व खेल क्षेत्र से सबंधित व्यक्तियों के जीवन पर आधारित फिल्में शामिल हैं।